Ad

Sunday, 23 February 2014

कैटरिंग के कारोबार को बनाएं रोजगार

स्वाद की दुनिया में आगे बढ़ने की चाहत है और आपकी मैनेजमेंट स्किल्स अच्छी है तो कैटरिंग का व्यवसाय आपको एक सफल व्यवसायी की पहचान दिला सकता है। शादी और पार्टी में सजावट अच्छी हो न हो, खाना जरुर लाजवाब होना चाहिए। यदि मेहमान चटकारे ले लेकर आपकी पार्टी में खाने के मजे ले तो समझ जाइये कि सारे पैसे वसूल हो गये। क्योकि लाइटिंग और सजावट को तो लोग कुछ दिनों में भूल जाते हैं, मगर खाने का स्वाद मेहमानों को अरसे तक याद रहता है।
आप छोटे स्तर पर कैटरिंग कि शुरुआत कर सकते हैं, आपको किसी प्रकार की शैक्षणिक योग्यता की जरुरत नहीं होती। मैनेजमेंट स्किल और अनुभव इस व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए काफी होता है। इस व्यवसाय की शुरुआत आप अपने घर या दुकान से कर सकते हैं। अकसर देखा जाता है कि इस काम की शुरुआत करते वक्त शादी या पार्टी जैसे बड़े आयोजनों पर ही फोकस करते हैं, जबकि घरों और दफ्तरों टिफिन सेवा देकर इस काम को छोटे स्तर पर शुरू करना काफी फायदेमंद होता है। छोटे स्तर पर काम शुरू करने के लिए अधिक लोगों की जरुरत भी नहीं पड़ती। जबकि बड़े स्तर पर ज्यादा लोगों की आवश्यकता रहती है। बड़े स्तर पर कैटरिंग का व्यवसाय शुरू करने के लिए लागत भी ज्यादा लगानी पड़ती है और रजिस्ट्रेशन कराना जरुरी हो जाता है। लेकिन छोटे स्तर पर इस व्यवसाय की शुरुआत करने पर किसी प्रकार का रजिस्ट्रेशन कराने की भी जरुरत नहीं पड़ती। 
कैटरिंग के कारोबार को सफल बनाने और इस क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने के लिए ग्राहक से आपके व्यक्तिगत संबंधों का अच्छा होना काफी मायने रखता है। इस काम की यही विशेषता है कि ग्राहक आपके काम से खुश हो जायेगा तो वह अन्य लोगों को भी आपकी सेवाएं लेने के लिए कहेगा। इस तरह एक चेन के रूप में आपका प्रचार होता चला जायेगा।
यदि आप अपने व्यवसाय को एक ब्रांड का रूप देना चाहते हैं तो अपने सहायकों और डिलीवरी ब्वॉय के लिए एक निश्चित ड्रेस कोड रखें जिससे आपकी अलग पहचान बन सके। सहायकों को अपनी ड्रेस साफ रखने के सख्त निर्देश दें और हर हाल में समय पर डिलिवरी देने का ध्यान रखें। देश-विदेश में प्रचलन में आ रहे नए व्यंजनों के बारे में अपडेट रहे। इसी तरह की नयी चीजों को इजाद करने की कोशिश करें ताकि आपका मेन्यू आपके प्रतिद्वंदियों से बेहतर रहे।


0 टिप्पणियाँ:

Post a Comment