Ad

Monday, 14 April 2014

कामयाब वेबसाइट

क्या आपने अपने व्यक्तिगत या व्यवसायिक उपयोग के लिए कोई साइट बनाई है? यदि हां तो इससे अपनी जरुरत के मुताबिक नतीजे हासिल करने के लिए इन चंद बातों पर जरुर गौर फरमाएं। 
सबसे पहली जरुरत इस बात की है कि आपकी साइट प्रयोग में आसान हो ताकि उस पर ज्यादा से ज्यादा लोग आसानी से पहुंच सके। याद रखें यदि कोई आगंतुक आपकी साइट पर सफलता से नेविगेट नहीं कर सकता तो यह आपके लिए निगेटिव साबित होगा। आपकी वेबसाइट का होमपेज इतना आकर्षक होना चाहिए कि उसपर आने के बाद प्रयोक्ता सभी फीचर्स में न चाहते हुए भी रूचि ले और आपके लक्ष्य के मुताबिक अनुसरण करे। मसलन यदि आपके उत्पाद या सेवा का प्रचार उसमें है तो उसे इतना प्रभावशाली होना चाहिए कि आपको कस्टमर मिल जाए।
आपकी साइट के प्रत्येक पृष्ठ पर साफ-साफ और आसानी से समझने योग्य नेविगेशन के उपकरण होना चाहिए। अपने लिंक्स के लिए ग्राफिकल बटन पर विश्वास न करें। सभी वेब सर्फर के पास ग्राफिक क्षमता वाले ब्राउज़र नहीं है और कुछ सर्फर जान-बूझकर अपने डाउनलोड का समय तीव्र करने के लिए ग्राफिक्स हटा देते हैं। इस पर टेक्स्ट लिंक्स जरुर उपलब्ध कराएं।
सफल वेबसाइट वही है जिसकी विषयवस्तु उपयोगी और सार्थक रूप में प्रदर्शित की गई हो। इसमें कोई उलझाने वाली बात नहीं रहनी चाहिए। आजकल सिर्फ ऐसी वेबसाइट होना ही काफी नहीं जो आपके उत्पादों की सूची और खरीदने के लिए शॉपिंग कार्ट उपलब्ध करता हो। यदि आप चाहते हैं कि आपके आगंतुक वापस आएं तो सार्थक विषयवस्तु उपलब्ध कराना न भूलें। अपने परिवेश और क्षेत्र से जुड़ी नवीनतम प्रवृतियों के बारे में लेख, समीक्षा या और कोई जानकारी जिसके लिए विजिटर्स को और भी कुछ जानने के लिए वापस आने का पर्याप्त वजह हो उपलब्ध करानी चाहिए। अपनी साइट के प्रयोक्ताओं को अपने सुझाव देने का अवसर जरुर दें ताकि अपेक्षित सुधार करने में आसानी हो।
ऑनलाइन फॉर्म और ईमेल द्वारा ग्राहक के फीडबैक को प्रोत्साहित करें। ग्राहकों से पूछें कि उन्हें क्या चाहिए? जो कुछ वे ढूंढ रहे थे क्या उन्हें मिला? आपकी साइट किस तरह प्रयोग में अधिक उपयोगी और आसान हो सकती है? अपने ग्राहक की हताशा और रुचियों की जानकारी लें। वे आपको बताएंगे कि आप क्या सही कर रहे हैं और क्या गलत। 

0 टिप्पणियाँ:

Post a Comment