ऑनलाइन स्टोरेज उन लोगों के लिए वरदान सिद्ध हो सकता है जिनकी हार्डडिस्क में ज्यादा स्थान बचा नहीं रह गया है या जो अपनी गोपनीय सूचनाओं को दूसरों की खोजी निगाहों से बचने के लिए चिंतित हैं। वह ऐसे लोगों के लिए भी उपयोगी है जो बार-बार होने वाले वायरस के हमले से परेशान हैं और वे भी जो अपने कंप्यूटर के क्रैश हो जाने पर सारा डेटा साफ हो जाने की चिंता से त्रस्त हैं। वे लोग भी इसे उपयोगी पाएंगे जो आमतौर पर यात्रा करते रहते हैं और वे लोग भी जो अपने दस्तावेजों को अन्य लोगों के साथ साझा करना चाहते हैं।
ऑनलाइन स्टोरेज, यानी इंटरनेट पर मिलने वाली एक अदृश्य हार्डडिस्क, जिसे आप विश्व में किसी भी स्थान से, किसी भी समय इस्तेमाल कर सकते हैं। न फाइल घर भूल जाने का झंझट और न महत्वपूर्ण डेटा का बैकअप करते रहने की चिंता।
ऑनलाइन स्टोरेज, यानी इंटरनेट पर मिलने वाली एक अदृश्य हार्डडिस्क, जिसे आप विश्व में किसी भी स्थान से, किसी भी समय इस्तेमाल कर सकते हैं। न फाइल घर भूल जाने का झंझट और न महत्वपूर्ण डेटा का बैकअप करते रहने की चिंता।
ऑनलाइन स्टोरेज सेवाएं दो-तीन श्रेणियों में उपलब्ध है। पहली वे जिनके लिए उपभोक्ता को सालाना या मासिक शुल्क देना होता है। इनमें सामान्य सेवाओं की तुलना में कुछ अधिक सुविधाएं उपलब्ध होती है। दूसरी श्रेणी में वे सेवाएं आती है जो है तो मुफ्त, लेकिन उनकी वेबसाइटों का उपयोग करते समय आपको विभिन्न प्रकार के विज्ञापन दिखाए जाते हैं (आखिर कहीं न कहीं से तो उन्हें अपना खर्च निकालना है)। तीसरी श्रेणी में वे सेवाएं आती है जो पूरी तरह निशुल्क है और जिनमें विज्ञापनों जैसे चिड़चिड़ा देने वाले तत्व भी नहीं होते।
इन वेबसाइटों की एक खास बात यह है कि वे प्लेटफॉर्म मुक्त है, यानि आप उनपर हर ऑपरेटिंग सिस्टम की फाइलों को रख तथा इस्तेमाल कर सकते हैं। कुछ वेबसाइटें तो आपकी फाइलों को इंटरनेट पर ही मौजूद सॉफ्टवेयरों के जरिए खोलने और संशोधित करने की सुविधा तक देती है। लेकिन सबकुछ अच्छा ही हो, ऐसा भी नहीं है। इन्हें इस्तेमाल करने के लिए आपके पास एक अच्छा इंटरनेट कनेक्शन होना जरुरी है (जो मुफ्त नहीं आता)। दूसरे, ऑनलाइन ड्राइव पर रखी फाइलों को आप उस तेजी के साथ इस्तेमाल नहीं कर सकते जैसे कि अपने कंप्यूटर में रखी फाइलों को करते हैं। उनके प्रयोग की गति बहुत हद तक आपके इंटरनेट कनेक्शन की स्पीड पर निर्भर करती है।
मुफ्त ऑनलाइन स्पेस
सबसे ज्यादा मुफ्त ऑनलाइन स्पेस देती है Adrive.com वेबसाइट। आपके कंप्यूटर में भले ही 40 जीबी खाली स्थान न हो लेकिन इस पर आपको मुफ्त में 50 जीबी तक का स्थान उपलब्ध कराया जाता है। यहां रखी जाने वाली हर फाइल का निजी आकार 2 जीबी तक हो सकता है। यदि आप माइक्रोसॉफ्ट की live.com सेवा के सदस्य हैं तो अपनी फाइलों को सहेजने या दूसरों के साथ बांटने के लिए इस वेबसाइट की तरफ से उपलब्ध कराई गई Skydrive का भी लाभ उठा सकते हैं। Freedrive.com और Filesanywhere.com आदि भी स्टोरेज सेवाएं दे रही है, हालांकि निःशुल्क उपलब्ध वेब स्पेस 1 जीबी के आसपास ही है। अनेक चतुर इंटरनेट-वीर गूगल की ईमेल सेवा (gmail.com) में उपलब्ध कराए जाने वाले भारी-भरकम स्पेस का भी अपनी ऑनलाइन हार्डडिस्क के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। हालांकि जीमेल कोई ऑनलाइन स्टोरेज सुविधा नहीं है लेकिन कुछ खास सॉफ्टवेयरों का इस्तेमाल करके ऐसा किया जा सकता है। ध्यान रहे, इसमें गूगल की सहमति नहीं है।
जोखिम भी कम नहीं
ऑनलाइन स्टोरेज का चयन करते समय यह जरुर देख लें कि जिस कंपनी ने यह सेवा मुहैया कराई है, वह कितनी बड़ी, वित्तीय तथा तकनीकी रूप से कितनी सक्षम है। किसी छोटी कंपनी कि सेवा लेने में उसके अचानक बंद हो जाने का जोखिम रहता है। संवेदनशील डेटा की असुरक्षा और लीकेज की आशंका तो रहती ही है। इन आशंकाओं को देखते हुए यह बेहद जरुरी है कि अपने जरुरी डाटा की संपूर्ण निर्भरता आप इस ऑनलाइन स्पेस पर न छोड़ें। सामान्य सॉफ्टवेयर के लिए और अन्य जरूरतों को इस माध्यम से पूरा करने के दौरान इस बात को लेकर पर्याप्त चौकसी बरतें कि निजी जानकारियां इस हद तक इस पर शेयर न की जाएं कि लीकेज होने पर कोई उनका दुरुपयोग कर ले।
0 टिप्पणियाँ:
Post a Comment